Tuesday, December 4, 2018

2017 में 50% ज्यादा 12387 पेटेंट आवेदन मंजूर हुए, इनमें 85% विदेशी

भारत में पेटेंट की संख्या में पिछले साल 50% इजाफा हुआ। साल 2017 में कुल 12,387 पेटेंट दिए गए। संयुक्त राष्ट्र की वर्ल्ड इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी ऑर्गेनाइजेशन रिपोर्ट में यह आंकड़े सामने आए हैं। इसके मुताबिक साल 2016 में 8,248 जबकि 2015 में 6,022 पेटेंट दिए गए थे। इस तरह पिछले दो साल में पेटेंट मंजूरी मिलने की संख्या दोगुनी से भी ज्यादा हो गई।

2 साल में पेटेंट मंजूरी बढ़कर दोगुनी से भी ज्यादा हुई
यूएन की रिपोर्ट के मुताबिक साल 2016 में 8,248 जबकि 2015 में 6,022 पेटेंट दिए गए थे। इस तरह पिछले दो साल में पेटेंट मंजूरी मिलने की संख्या दोगुनी से भी ज्यादा हो गई।

रिपोर्ट जारी करते हुए इसके डायरेक्टर जनरल फ्रांसिस गरी ने कहा कि 'बौद्धिक संपदा सुरक्षा की मांग तेजी से बढ़ रही है। इससे पता चलता है कि इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी से जुड़े इनोवेशन कंपीटीशन और कमर्शियल गतिविधियों में अहम हो गए हैं।'

चीन में सबसे ज्यादा 4,20,144 आवेदन मंजूर हुए
दुनियाभर में पिछले साल कुल 14 लाख पेटेंट आवेदनों को मंजूरी दी गई। चीन में सबसे ज्यादा 4 लाख 20 हजार 144 पेटेंट जारी किए गए। अमेरिका में 3 लाख 18 हजार 829 पेटेंट दिए गए।

गरी के मुताबिक कुछ दशकों में ही चीन ने अपना इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी सिस्टम तैयार कर घरेलू नवाचारों को बढ़ावा दिया है। पिछले साल चीन में कुल 13.8 लाख पेटेंट अर्जियां दाखिल हुईं। यह अमेरिका की तुलना में दोगुने से भी ज्यादा है। अमेरिका में 2017 में 6 लाख 6 हजार 956 पेटेंट एप्लिकेशन फाइल हुई थीं। इनमें 10,309 आवेदन भारतीयों के थे।

भारत में पिछले साल कुल 46,582 आवेदन दाखिल हुए
भारत में पिछले साल कुल 46,582 पेटेंट एप्लिकेशन दाखिल की गईं। इनमें 14,961 घरेलू लोगों की जबकि 31,621 विदेशियों की थीं। घरेलू आवेदनों में 15.7% फार्मा सेक्टर से थे।

साल 2017 में पेटेंट मंजूरी के मामले में भारत दुनियाभर में 10वें नंबर पर रहा। भारत की कोई कंपनी या यूनिवर्सिटी ग्लोबल टॉप-50 पेटेंट एप्लिकेशंस लिस्ट में शामिल नहीं हो पाईं।

जापान की कैनन कंपनी 24,036 पेटेंट आवेदनों के साथ ग्लोबल-50 लिस्ट में टॉप पर रही। दक्षिण कोरिया की सैमसंग 21,836 आवेदनों के साथ दूसरे और चीन की स्टेट ग्रिड कॉरपोरेशन 21,653 एप्लीकेशन के साथ तीसरे नंबर पर रही।